अगर आप दूध उत्पादन के लिए भैंस पालना चाहते हैं तो आइए आपको बताते हैं बाल्टी भर दूध देने वाली मुर्रा भैंस की पहचान कैसे करें और मुर्रा भैंस की कीमत और खासियत-
मुर्रा भैंस खरीदने से पहले जान लो ये बातें
आज हम आपको भैंस की ऐसी नस्ल के बारे में बताने जा रहे हैं जो सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में सबसे ज्यादा दूध देने वाली भैंसों की नस्ल में से एक है, जी हाँ! हम बात कर रहे हैं मुर्रा भैंस की। आपने भी कभी न कभी मुर्रा भैंस के बारे में जरूर सुना होगा। आप भी मुर्रा भैंस का पालन कर, इसके दूध से अच्छी कमाई कर सकते हैं, तो आइये बताते हैं मुर्रा भैंस से जुड़ी वो जानकारी जिसकी मदद से आप आसानी से मुर्रा भैंस को पहचान सकते हैं।
मुर्रा भैंस का मूल स्थान है हरियाणा
भाकृअनुप- राष्ट्रीय पशु आनुवंशिक संसाधन ब्यूरो द्वारा पंजीकृत मुर्रा भैंस का मूल स्थान भारत का हरियाणा है। मुर्रा भैंस हरियाणा की, हरियाणा में भी मुख्यतः रोहतक, झज्जर, हिसार, करनाल व जींद जिलों में पाई जाने वाली नस्ल है, लेकिन आज मुर्रा भैंस का पालन पंजाब, उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत भारत के लगभग सभी राज्यों में किया जा रहा है। भारत के अलावा, मुर्रा भैंस को बुल्गारिया, अफगानिस्तान, इटली, मिस्र जैसे देशों में भी पाला जाता है। इसका मुख्य कारण मुर्रा भैंस का सबसे ज्यादा दूध देना है।
कैसे करें मुर्रा भैंस की पहचान?
वैसे तो मुर्रा भैंस की पहचान के लिए उसका भारी-भरकम शरीर ही काफी होता है, लेकिन शरीर के अलावा और भी कई चीजों की मदद से आप आसानी मुर्रा भैंस की पहचान कर सकते हैं:
- – मुर्रा भैंस के सींग जलेबी की तरह घुमावदार आकर की होती हैं।
- – मुर्रा भैंस की आखें काली और चमकदार होती है। साथ ही इसका सिर पतला और गर्दन लम्बी होती है।
- – इसके थन लम्बे और आपस में समान दूरी पर जुड़े होते हैं। उनकी नसें भी उभरी हुई हुई होती हैं।
- – इसके शरीर का वजन 350-700 किलो के बीच होता है।
- – मुर्रा भैंस की पूछ सामान्यतः लम्बी एवं उसके निचले सिरे पर सफ़ेद काले बालों का गुच्छा होता है।
- – मुर्रा भैंस के सिर और पैर पर सुनहरे रंग के बाल होते हैं।
- – मुर्रा भैंस की आयु लगभग 26 साल की होती है।
मुर्रा भैंस की फोटो
क्यों है मुर्रा भैंस सबसे खास, क्या हैं विशेषताएं?
मुर्रा भैंस की जितनी विशेषताएं बताई जाएं उतनी कम पड़ जाएगी। क्योंकि भैंस की यह नस्ल बहुत ही विशेष होती है। दूध का व्यवसाय करने वालों के लिए मुर्रा भैंस किसी वरदान से कम नहीं है। मुर्रा भैंस किसी भी वातावरण में खुद को बड़ी ही आसानी से ढाल लेती है इसलिए बाकि पशुओं के मुकाबले इसमें बिमारियों का खतरा कम होता है। यह भैंस अपनी शारीरिक मजबूती, रोग प्रतिरोधक क्षमता व ज्यादा दूध देने के कारण पशुपालकों में काला सोना के नाम से भी मशहूर है।
मुर्रा भैंस का दूध उच्च क्वालिटी के डेयरी प्रोडक्ट्स बनाने के काम आता है क्योंकि इसके दूध में वसा की मात्रा भरपूर होती है। इन भैंसों का पालन अच्छे दूध उत्पादन के साथ-साथ उनके अच्छे मांस और खाल के लिए भी किया जाता है।
पालन करते समय रखें इन बातों का ध्यान
मुर्रा भैंस का शरीर बाकि भैंसों के मुकाबले काफी बड़ा और भारी-भरकम होता है। इसलिए इसे रहने के लिए ज्यादा जगह की जरुरत होती है। इसका पालन करते समय ध्यान रखें कि इसके रहने का स्थान बड़ा और हवादार होना चाहिए, भैंस को साफ़-सफाई वाली जगह पर ही रखें, पशुशाला में बारिश का पानी जमा ना हो, भैंस को पीने के लिए साफ़ पानी दें और आहार में कोशिश करें कि मुर्रा आहार ही दिया जाये।
प्रतिदिन दूध देने की मात्रा सुन चौंक जायेंगे आप
दूध उत्पादन के मामले में मुर्रा भैंस सभी पशुपालकों की पहली पसंद बनी हुई है। अगर इसके दूध उत्पादन की बात करें, तो मुर्रा भैंस प्रतिदिन 10 से 15 लीटर तक दूध का उत्पादन कर सकती है। इसके दूध में 6% से 8% तक फैट की मात्रा पाई जाती है। मुर्रा भैंस ब्यात में 1800 से लेकर 2000 लीटर तक दूध देती है। यदि इसे विशेष देख-रेख में रखा जाये और उचित आहार दिया जाये, तो इसके दूध उत्पादन की क्षमता को बढ़ाया जा सकता है। एक मुर्रा भैंस सामन्यत: 8 से 10 महीनों तक दूध देती है।
मुर्रा भैंस के अलावा भैंसा भी दे सकता है अच्छा पैसा
जी हाँ, मुर्रा भैंस का दूध बेचकर आप अच्छी कमाई कर सकते हैं, लेकिन मुर्रा भैंसा भी आपको अच्छी कमाई करवा सकता है। आपको बता दें, कि पशुपालक मुर्रा नस्ल के भैंसा का स्पर्म बेचकर भी लाखों रुपए कमा सकते हैं, जो ब्रीडिंग के लिए उपयोगी होता है। आप इसका स्पर्म निकालकर उसे साइंटिफिक तरीके से डायल्यूट कर लें। उसके बाद इसे आम भैंसों के गर्भाधान के लिए बेच सकते हैं। मुर्रा भैंसा एक बार में 10-14 मिली लीटर स्पर्म निकालता है, आप इसे डायल्यूट कर इसके 700 से 900 डोज़ बना सकते हैं। बाजार में एक डोज़ की कीमत 500-1000 रुपए तक मिलती है।
मुर्रा भैंस की कीमत
मुर्रा भैंस की मांग हर वक्त बाजार में बनी रहती है और आपको इसे खरीदने के लिए थोड़ा इंतजार भी करना पड़ सकता है। मुर्रा भैंस या किसी भी भैंस की कीमत उसके दूध उत्पादन, ब्यात, उम्र, ब्याय हुए दिन और भैंस के साथ पाड़ा है या पाड़ी जैसी चीजों पर आधारित होती है, इसलिए एक भैंस खरीदने से पहले आपको इन सभी बातों का ज्ञान होना आवश्यक है। ऐसे में मुर्रा भैंस की कीमत 70 हजार रुपए से लेकर 2 लाख रुपए तक होती है। आप मुर्रा भैंस खरीदने के लिए अलग-अलग जगहों पर लगने पशु मेलों में जा सकते हैं।
यह भी पढ़े- खेत जोतने के लिए सरकार दे रही 30 हजार रुपए, अगर ट्रैक्टर नहीं है तो आपके लिए है ये सब्सिडी योजना