MP में 10 जनवरी को लगेगी गुलाब प्रदर्शनी, 11 जनवरी को किसानों को मिलेगा पुरस्कार, घर में लगाया है गुलाब तो भी मिलेगा मौका

On: Thursday, January 8, 2026 9:00 AM
मध्य प्रदेश में गुलाब प्रदर्शनी कब लगेगी

गुलाब के शौकीनों के लिए यह खबर बेहद काम की है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 9 से 11 जनवरी के बीच गुलाब प्रदर्शनी और प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में किसान ही नहीं, बल्कि वे लोग भी भाग ले सकते हैं, जिन्होंने अपने घर में गमलों में गुलाब लगाए हैं।

मध्य प्रदेश में गुलाब प्रदर्शनी कब लगेगी

मध्य प्रदेश में गुलाब प्रदर्शनी का शुभारंभ 10 जनवरी को होगा, जबकि 11 जनवरी को विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। गुलाब का फूल जितना देखने में खूबसूरत होता है, उसकी खुशबू भी उतनी ही मनमोहक होती है। गुलाब की खेती किसानों के लिए काफी लाभकारी मानी जाती है, क्योंकि इसके फूल बाजार में अच्छी कीमत पर बिकते हैं।

गुलाब की कई किस्में होती हैं, जिनका आकार और रंग अलग-अलग होता है। गुलाब की खेती के फायदों को देखते हुए मध्य प्रदेश में किसानों को इसके लिए प्रोत्साहित किया जाता है। बता दें कि गुलाब उत्पादन में मध्य प्रदेश देश में दूसरे स्थान पर है। हर साल भोपाल के गुलाब उद्यान परिषद में गुलाब प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है, जिसमें हर वर्ग के लोग शामिल हो सकते हैं। चाहे गुलाब की खेती करते हों या घर में गमलों में गुलाब उगाते हों, इस प्रदर्शनी का हिस्सा बन सकते हैं।

गुलाब प्रतियोगिता में कैसे होंगे शामिल

जिस प्रतिभागी का गुलाब सबसे अच्छा होगा, उसे प्रतियोगिता में पुरस्कार दिया जाएगा, जो 11 जनवरी को प्रदान किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए पहले आवेदन लिया गया है, जो ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से स्वीकार किए गए हैं।

इसके बाद 8 जनवरी तक रोज समिति और उद्यानिकी विभाग के प्रतिनिधि गुलाब उद्यानों का निरीक्षण करेंगे। 9 जनवरी को घर के गमलों में लगे गुलाबों का प्रदर्शन किया जाएगा। यह प्रदर्शनी भी गुलाब उद्यान में ही लगेगी। गुलाब उत्पादक 8 से 12 बजे तक गुलाब उद्यान में आ सकते हैं। जो किसान कट फ्लावर की प्रदर्शनी लगाएंगे, वे 10 जनवरी को गुलाब उद्यान परिसर में जायेंगे।

यह प्रदर्शनी और प्रतियोगिता उन लोगों के लिए है, जो भोपाल से 40 किलोमीटर के आसपास के क्षेत्र में रहते हैं और गुलाब की खेती करते हैं। ऐसे किसान इस प्रतियोगिता में शामिल होकर पुरस्कार जीतने का मौका पा सकते हैं।

यह भी पढ़े- किसानों को मिला एक और मौका, 36 हजार रु प्रति हेक्टेयर मिल रहा अनुदान, मखाना की खेती पर सब्सिडी के लिए आवेदन की तारीख बढ़ी