किसानों को सर्दी में लगेगी पैसों से गर्मी, सितंबर में इन 2 सब्जियों की नर्सरी डालें, खेती से होगी तगड़ी कमाई

On: Monday, September 8, 2025 5:00 PM
सितंबर में सब्जियों की नर्सरी

खेती से अधिक कमाई करने के लिए सही समय पर सही सब्जी लगाना जरूरी होता है। तो चलिए बताते हैं, सितंबर और अक्टूबर तक कौन-सी सब्जी की नर्सरी डालने का अच्छा समय है।

सितंबर में सब्जियों की नर्सरी

सितंबर में कई तरह की सब्जियों की खेती की जाती है, जिसके बारे में हम आपको लगातार जानकारी दे रहे हैं। आज हम दो सब्जियों की नर्सरी की जानकारी लेंगे जिन्हें लगाने का यह सही समय माना जाता है। यहां पर आपको उन दोनों सब्जियों के नाम, लगाने का तरीका आदि जानकारी देंगे।

प्याज की नर्सरी

प्याज की खेती में मुनाफा कितना है, यह हर किसान जानते हैं। अगर सही समय पर प्याज लगा दिया जाए, तो अच्छा उत्पादन मिलता है और कंद का आकार बड़ा होता है। लेकिन यहां पर खेती का तरीका भी मायने रखता है। किसान 10 से 25 सितंबर के बीच प्याज की नर्सरी डाल सकते हैं। इसके बाद खेतों में रोपाई कर सकते हैं। प्याज की अगेती खेती करने में किसानों को ज्यादा फायदा होता है।

प्याज की खेती के सही तरीके की बात करें तो बेड बनाकर खेती करेंगे तो ज्यादा उत्पादन मिलेगा और कंद का आकार भी बड़ा होगा। बेड 3 फीट की दूरी पर बना सकते हैं। ड्रिप लगाना भी अच्छा होता है। कई किसान मल्चिंग पद्धति से प्याज की खेती करते हैं, जिससे बहुत बड़े-बड़े कंद आते हैं।

साथ ही खेत को उपजाऊ जरूर बनाएं, जिससे फसल को पूरा पोषण मिले। बीज की बुवाई से पहले फफूंदनाशी से बीज का उपचार करना चाहिए। बीजों के सही अंकुरण के लिए 8 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच का तापमान उपयुक्त होता है।

सितंबर में प्याज की नर्सरी डालने पर जनवरी-फरवरी तक फसल तैयार हो जाती है। इस समय बाजार में प्याज का भाव अक्सर ₹25 से ₹40 प्रति किलो तक पहुंच जाता है। इस समय प्याज कई जगहों पर 30 रु में मिल रही है। यदि किसान एक एकड़ में 150 से 200 क्विंटल तक उत्पादन लेते हैं, तो उनकी आमदनी लाखों में हो सकती है। समय पर प्याज लगाने से बाजार में ऊंचा भाव मिलता है और मुनाफा दोगुना हो जाता है। एक एकड़ से लखपति बन सकते है।

हरी मिर्च की नर्सरी

25 सितंबर तक किसान हरी मिर्च की नर्सरी तैयार कर सकते हैं। इसका मंडी भाव अभी ₹60 से ₹70 तक मिलता है। हरी मिर्च की नर्सरी अक्टूबर के पहले सप्ताह तक भी तैयार की जा सकती है। अगर खेत खाली नहीं है, तो नर्सरी ऐसी जगह तैयार करें जहां अच्छी धूप आती हो।

इसके अलावा बेड बनाएं, गोबर की खाद मिलाएं और बीजों का जैविक उपचार करें। हमेशा अच्छी गुणवत्ता और प्रमाणित बीज ही लें। बीजों को कीटों से बचाना जरूरी है, इसके लिए उचित नियंत्रण करें।

नर्सरी तैयार होने का समय

सितंबर में प्याज और हरी मिर्च की नर्सरी आसानी से तैयार की जा सकती है। प्याज की नर्सरी 35 से 45 दिनों में तैयार हो जाती है, जबकि मिर्च की नर्सरी 45 से 60 दिन में तैयार हो जाती है।

किसानों के लिए सुझाव

किसानों को अगर सब्जी की खेती करनी है, तो उन्हें 2 से 3 सब्जियां जरूर लगानी चाहिए। इससे अगर किसी एक का भाव गिर भी जाए, तो दूसरी सब्जी से उन्हें मुनाफा हो सकता है।

यह भी पढ़े- सितंबर में करें इन 5 सब्जियों की खेती, सबसे ज्यादा मिलेगा प्रॉफिट, जानिए किन बातों का रखें ध्यान