बागवानी फसल जैसे कि फल, फूल, सब्जी, मसाला इत्यादि की खेती के लिए राज्य सरकार किसानों को प्रोत्साहित कर रही है। इसमें प्रति एकड़ के अनुसार अनुदान मिलेगा, जिससे खर्च घटेगा।
बागवानी फसलों की खेती को बढ़ावा
पारंपरिक फसलों की तुलना में बागवानी फसलों से कुछ किसान ज्यादा मुनाफा कमा रहे हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है तथा बाजार भाव भी ग्राहकों को अच्छा देखने को मिल रहा है। इसी के तहत राज्य सरकार एक ऐसी योजना लेकर आई है, जिससे किसानों को बागवानी फसलों की खेती के लिए आर्थिक मदद दी जाएगी। अगर किसान फल, सब्जी, फूल या मसाला आदि की खेती करते हैं, तो उन्हें प्रति एकड़ के अनुसार अनुदान मिलेगा, जिससे बीज और खेत की तैयारी का खर्चा किसानों को मिल जाएगा।
किस बागवानी फसल के लिए कितना अनुदान मिल रहा है
बागवानी क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए तथा फसल विविधीकरण में काम कर रही राज्य सरकार द्वारा विभिन्न फसलों के हिसाब से, अलग-अलग लागत के आधार पर अनुदान दिया जा रहा है। तो आइए जानते हैं फसलों के नाम और उन पर मिलने वाले अनुदान के बारे में-
- अगर किसान फलों का नया बाग लगाते हैं, तो उसके लिए ₹24,500 से लेकर ₹1,40,000 तक प्रति एकड़ अनुदान मिल रहा है।
- मसाला की खेती करते हैं, तो ₹15,000 से ₹30,000 तक प्रति एकड़ मिलेगा।
- सब्जियों की खेती एकीकृत मॉडल पर करने पर ₹15,000 प्रति एकड़ का अनुदान मिल रहा है।
- फूलों की खेती करने पर ₹8,000 से लेकर ₹40,000 तक प्रति एकड़ के हिसाब से अनुदान किसानों को मिलेगा।
- अगर खुशबूदार या सुगंधित पौधे लगाते हैं, तो उन्हें ₹8,000 प्रति एकड़ अनुदान मिलेगा।
इस योजना का फायदा अगर अनुसूचित जाति के किसान उठाते हैं, तो उन्हें ₹25,000 प्रति एकड़ के हिसाब से विशेष अनुदान की राशि मिलेगी।
योजना का फायदा कौन, कैसे और किन दस्तावेजों के साथ उठाएं
यह योजना हरियाणा राज्य सरकार की है। उद्यान विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार किसानों के पास पहचान पत्र, बैंक खाता विवरण, व्यक्तिगत जानकारी, भूमि संबंधी जानकारी, अगर अनुसूचित जाति से हैं तो जाति प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र (PPP कार्ड) जैसे दस्तावेज होने जरूरी हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के लिए “मेरी फसल मेरा ब्यौरा” पोर्टल या https://hortnet.hortharyana.gov.in/home पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करें और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करें।

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद










