अगर चाहते हैं कि भविष्य में बच्चों को पैसों की कोई चिंता न हो, तो एक एकड़ जमीन में यह पौधे लगाइए। इसकी लकड़ी बहुत महंगी बिकती है, क्योंकि इसमें दीमक नहीं लगता है।
इस पेड़ की लकड़ी महंगी बिकती है
पेड़ों की खेती में अच्छा मुनाफा है। अगर आप एक बार निवेश करके बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना चाहते हैं, तो पेड़ों की खेती एक अच्छा विकल्प है। इसमें सागवान की खेती कर सकते हैं। सागवान के पेड़ की लकड़ी महंगी बिकती है, क्योंकि इसमें दीमक नहीं लगता है और इसकी गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहती है। अगस्त का महीना इसकी खेती के लिए उपयुक्त माना जाता है। तो चलिए, आपको सागवान की खेती के बारे में संक्षेप में जानकारी देते हैं।

सागवान की खेती में फायदा
सागवान की खेती लाभकारी है। सागवान एक ऐसा पेड़ है जिसकी लकड़ी ₹30,000 से ₹40,000 प्रति पेड़ के हिसाब से बिकती है। इसके पौधे तेजी से बढ़ते हैं, लेकिन इन्हें तैयार होने में निश्चित लम्बा समय लगता है। इसकी लकड़ी से खिड़की, दरवाजे, फर्नीचर, यहां तक कि जहाज की वस्तुएं भी बनाई जाती हैं। सागवान की छाल और पत्तियों का उपयोग औषधि बनाने में भी किया जाता है।
सागवान की खेती के लिए उपयुक्त मिट्टी
सागवान की खेती के लिए 6.5 से 7.5 पीएच मान वाली मिट्टी उपयुक्त मानी जाती है। इसके पेड़ लगभग 10 से 12 साल में पूरी तरह तैयार हो जाते हैं। शुरुआत के 3 से 4 साल अगर इनकी ठीक से देखभाल की जाए, तो आगे चलकर यह अच्छा मुनाफा देते हैं। अगर एक एकड़ में खेती कर रहे हैं, तो लगभग 500 पौधे लगाए जा सकते हैं। इसके लिए खेत को अच्छी तरह तैयार करने के बाद 8 से 10 फीट की दूरी पर गड्ढे बनाएं, जो कि 2 फीट चौड़े और डेढ़ फीट गहरे होने चाहिए।
गड्ढों में गोबर की पुरानी खाद और एनपीके उर्वरक मिलाना चाहिए, जिससे मिट्टी उपजाऊ बनती है। फफूंदनाशक (फंगीसाइड) का भी प्रयोग कर सकते हैं। साथ ही, दो साल पुराना पौधा रोपने के लिए उपयुक्त रहता है।