भैंस को मच्छर-मक्खी काटते हैं, जिससे स्किन इंफेक्शन हो सकता है या फिर वह बीमार हो जाती है। तो चलिए, आपको इन सब समस्याओं का एक ही आसान उपाय बताते हैं।
मच्छर-मक्खी काटने से भैंस परेशान
दूध उत्पादन के लिए कई लोग भैंस का पालन करते हैं। लेकिन अगर मक्खी और मच्छर की समस्या आ जाती है, तो कई तरह की दिक्कतें खड़ी हो जाती हैं। जैसे भैंस का स्ट्रेस में चले जाना, चर्म रोग होना, दूध देना कम कर देना, या दूध दुहते समय परेशानी आना।
ऐसे में यहां आपको एक उपाय बताया जा रहा है, जिससे इन सभी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। यह सस्ता और आसान उपाय है, जिसमें ज्यादा खर्च भी नहीं होगा।
भैंस को मक्खी-मच्छर से कैसे बचाएं
बरसात का मौसम चल रहा है। ऐसे में मक्खी और मच्छर बहुत ज्यादा हो जाते हैं। कितने भी उपाय कर लें, वे जानवर के पास पहुंच ही जाते हैं। अगर आप भैंस को मक्खी और मच्छर से बचाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए बिंदुओं के अनुसार यह तरीका अपनाएं। इससे भैंस की बॉडी चमकदार हो जाएगी-

- नीम के पानी से नहलाना– सबसे पहले भैंस को नहलाएं। इसके लिए पानी के साथ नीम का पानी इस्तेमाल करें। नीम का पानी बनाने के लिए नीम के पत्ते लेकर पानी में उबालें। जब पानी ठंडा हो जाए, तो उससे भैंस को अच्छे से रगड़कर नहलाएं।
- तेल का लेप लगाना– भैंस के सूख जाने के बाद उसके शरीर पर एक खास तेल लगाएं। 100 मि.ली. तिल का तेल लें। 20 मि.ली. नीम का तेल (अगर उपलब्ध हो, नहीं है तो भी चलेगा) डालें। 5 टिकिया कपूर की लेकर अच्छे से पीसकर इसमें मिला दें। इस तेल को अच्छे से मिलाकर भैंस के पूरे शरीर पर लगाएं।
इस उपाय से मक्खी और मच्छर भैंस के पास नहीं आएंगे। इस तरह, एक आसान और सस्ते उपाय से भैंस को मक्खी और मच्छर से बचा सकते हैं और उसे बीमार होने से रोक सकते हैं।