How to grow mogra plant: मोगरा फूल लगाने का आ गया समय, जानिए मोगरा की कटिंग कैसे लगाएं और मोगरा के लिए खाद

On: Tuesday, September 2, 2025 4:25 PM
How to grow mogra plant

मोगरा सफेद रंग का सुगंधित फूल होता है जो गुच्छो में खिलता है चलिए आपको बताते हैं इसे कैसे लगाएं और इसकी देखभाल कैसे करें-

मोगरा का फूल कैसा होता है

मोगरा फूल की खुशबू तेज़ और मीठी होती है, जो हर किसी को भाती है। मोगरा का पौधा झाड़ीदार होता है और इसे गमले में तथा ज़मीन पर दोनों जगह आसानी से लगाया जा सकता है। मोगरे की कली मोती की तरह दिखाई देते हैं। मोगरा सफेद रंग का सुगंधित फूल होता है जो गुच्छो में खिलता है। यह पौधा जैस्मिन यानी चमेली की एक प्रजाति है। इसके पत्ते चमकदार, हरे और हल्के लहरदार होते हैं।

मोगरा के फूल सुंदर दिखने के साथ पूजा-पाठ में भी खूब उपयोग होते हैं। इसकी खुशबू मन को शांति देती है। बालों को मुलायम बनाने के लिए भी महिलाएं मोगरे के फूलों का इस्तेमाल करती हैं। कुछ लोग मोगरे की चाय बनाकर पीते हैं और चीन जैसे देशों में तो व्यंजनों में भी इसका उपयोग किया जाता है। आइए अब जानते हैं, मोगरे को लगाने और उसकी देखभाल करने का सही तरीका।

मोगरा का पौधा कैसे उगाएं

मोगरा का पौधा लगाने का सबसे सरल तरीका है इसकी कटिंग लगाना। आप 3 से 6 इंच की कटिंग लेकर उसे गमले या ज़मीन में लगा सकते हैं। मोगरे के लिए हमेशा अच्छी जल निकासी वाली मिट्टी का चयन करना चाहिए। यदि आप गमले में लगा रहे हैं, तो 10 से 12 इंच या उससे बड़ा गमला चुनें, क्योंकि इसकी जड़ें तेजी से विकसित होती हैं और पौधा भी बड़ा होता है।

मिट्टी तैयार करने के लिए गोबर की सड़ी-गली खाद, घर की बनी कंपोस्ट और सामान्य मिट्टी को मिलाकर उपयोग करें। पौधा लगाने के बाद हल्का पानी दें और ध्यान रखें कि कटिंग को हिलाएं नहीं, जब तक उसमें नई शाखाएं निकलकर दिखाई न दें। बीच-बीच में हल्का पानी देते रहें और मिट्टी में नमी बनाए रखें। ध्यान रखें, पानी बहुत अधिक न दें, निकासी का ध्यान रखे।

मोगरा फूल की देखभाल

अगर मिट्टी उपजाऊ है तो एक बार लगाने के बाद मोगरे का पौधा कई वर्षों तक फूल देता है। फिर भी साल में एक बार गमले की मिट्टी को बदल देना चाहिए। साथ ही जड़ों की छंटाई (प्रूनिंग) भी करनी ज़रूरी होती है।

पौधे को रोज़ाना 6 से 8 घंटे की धूप मिलनी चाहिए। जब पौधे में फूल आना बंद हो जाएं तो उसकी छंटाई करें, जिससे नई शाखाएं और फूल आने लगें। सूखे फूलों को पौधे से हटा देना चाहिए। खरपतवार भी समय-समय पर निकालते रहें।

यदि पौधे की निचली पत्तियां बहुत अधिक घनी हो गई हों, तो नीचे की 2-4 पत्तियों को हटा दें। पुरानी, सूखी और पीली पत्तियों को भी तोड़कर अलग कर देना चाहिए, ताकि पौधे की ऊर्जा नई शाखाओं और फूलों में लगे।

मोगरा के लिए खाद

अगर मोगरे में फूल नहीं आ रहे हैं तो इसका कारण खाद की कमी हो सकता है। इसके लिए आप जैविक खाद जैसे गोबर की खाद, किचन वेस्ट की खाद या घर पर बनी कंपोस्ट का प्रयोग करें। यह पौधे के लिए सबसे अच्छा विकल्प है। यदि आप रासायनिक खाद देना चाहते हैं तो एनपीके (NPK) खाद डाल सकते हैं। फिर भी जैविक खाद का इस्तेमाल करना अधिक लाभकारी होता है, क्योंकि इससे फूलों की खुशबू और भी अच्छी आती है।

आप पौधे में कैल्शियम की कमी पूरी करने के लिए बीच-बीच में चाक (chalk) का पाउडर या फिर अंडे के छिलके की खाद डाल सकते हैं। इसके अलावा लकड़ी की राख 2 से 3 चम्मच मिट्टी में डालने से भी पौधे को पर्याप्त पोषक तत्व मिलते हैं। मोगरे के पौधे को नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटैशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। इनकी पूर्ति होने पर पौधा अधिक समय तक स्वस्थ रहता है और ज्यादा फूल देता है।

मोगरा लगाने का समय

मोगरा लगाने का सबसे अच्छा समय बरसात का मौसम होता है। जुलाई से सितंबर तक पौधा आसानी से लग जाता है। इसके अलावा मार्च से अक्टूबर तक का समय भी मोगरे की कलम लगाने के लिए उपयुक्त माना जाता है। पूरे साल मोगरा कटिंग द्वारा लगाया जा सकता है, लेकिन वसंत और गर्मियों की शुरुआत का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है। इस दौरान पौधे की ग्रोथ तेजी से होती है और कटिंग जल्दी पकड़ लेती है।

अगर आप अपने बगीचे या घर की बालकनी को सुगंधित और सुंदर बनाना चाहते हैं, तो मोगरा का पौधा ज़रूर लगाइए। यह न सिर्फ देखने में खूबसूरत लगता है बल्कि इसकी खुशबू से पूरा वातावरण महक उठता है।

यह भी पढ़े- यह 3 फल पैसा खींचते हैं, खेतों में लगा दें तो हो जाएंगे अमीर, 1 एकड़ से 10 लाख रुपए तक का मुनाफा