अगर गाय से दूध ज़्यादा और शानदार मक्खन लेना चाहते हैं, तो चलिए बताते हैं कि दाना नहीं, बल्कि कौन-सी हरी चीज़ देने से गाय ज़्यादा दूध देगी।
गाय का दूध कैसे बढ़ाएं ?
गाय का दूध बढ़ाने की चिंता कई लोगों को होती है। लेकिन आज आपको इसका समाधान बताने जा रहे हैं। यदि गाय को आहार में संपूर्ण पोषक तत्व मिलेंगे, तो वह दूध ज़्यादा देगी और दूध की गुणवत्ता भी अच्छी होगी। इतना ही नहीं, मक्खन भी बढ़िया होगा।
इसके लिए दाना देने की ज़रूरत नहीं है। गाय को दाना देने से कभी-कभी पेट फूलने, अपच होने जैसी समस्याएं सामने आ जाती हैं। इसलिए यहां पर हम एक हरी चीज़ बताने जा रहे हैं जो दाने से ज़्यादा फायदेमंद साबित हो सकती है। इसे खिलाकर गाय का दूध बढ़ाया जा सकता है। तो आइए जानें, यह क्या चीज़ है।

गाय को खिलाएं यह हरी चीज़
गाय को अजोला खिला सकते हैं। अजोला एक प्रकार की हरी घास होती है, जो पानी की सतह पर फैलती है। इसे गाय को खिलाने से दूध की मात्रा बढ़ती है और मक्खन भी अच्छा बनता है। अजोला में प्रोटीन, विटामिन जैसे आवश्यक पोषक तत्व होते हैं। इसे पशुओं को नियमित आहार के रूप में खिलाया जा सकता है। इससे दूध का उत्पादन 15 से 20% तक बढ़ सकता है। यह आसानी से उगाया जा सकता है और पोषक तत्वों की कमी को दूर करता है। यह पौष्टिक चारे का एक अच्छा विकल्प है। अजोला खिलाने से पशुओं की प्रजनन क्षमता में भी सुधार होता है।

पशुओं को यह कैसे खिलाएं?
अगर बात करें अजोला खिलाने के तरीके की, तो इसे भूसे, बरसीम या अन्य चारे के साथ बराबर मात्रा में मिलाकर खिलाया जा सकता है। हालांकि, शुरुआत में इसकी मात्रा धीरे-धीरे बढ़ानी चाहिए। एक्सपर्ट्स के अनुसार, एक स्वस्थ पशु को प्रतिदिन लगभग 2 से 2.5 किलो अजोला दिया जा सकता है। इससे पशुओं को आवश्यक खनिज और विटामिन की पूर्ति होती है।
अजोला कैसे उगाएं?
अजोला को पानी में उगाया जाता है। इसके लिए एक छायादार जगह पर शेड तैयार की जाती है। वहां पहले से पानी भरने की व्यवस्था की जाती है। आप इसके लिए एक छोटा टैंक या गड्ढा बना सकते हैं, जिसमें पानी भरा जाए।
इसके बाद उसमें बराबर मात्रा में गोबर और मिट्टी डाली जाती है। गोबर को छानकर डालना चाहिए। फिर इसमें बीज डाला जाता है। लगभग 10 से 15 दिन में अजोला तैयार हो जाता है। फिर आप उसे धीरे-धीरे निकाल सकते हैं। यह लगातार बढ़ता रहता है। अगर चाहते हैं कि गाय ज़्यादा दूध दे, वह भी बिना अधिक खर्च के, तो अजोला एक बेहतरीन और प्राकृतिक उपाय हो सकता है

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद













