प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर, यानी आज दो राज्यों के दौरे पर हैं, जिसमें किसानों को भी फायदा मिलेगा। उन्हें स्थायी सिंचाई और बिजली की सुविधा प्राप्त होगी-
पीएम मोदी का दौरा
आज किसानों को देश के प्रधानमंत्री से बड़ा तोहफा मिलने जा रहा है। जी हाँ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश और राजस्थान के दौरे पर जाएंगे, जहाँ वह उद्घाटन, शिलान्यास और लोकार्पण जैसे कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश में वह इंटरनेशनल ट्रेड शो 2025 का उद्घाटन करेंगे। साथ ही, बांसवाड़ा राजस्थान में 1.22 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी किया जाएगा।
समय की बात करें तो प्रधानमंत्री आज सुबह 9:30 बजे ग्रेटर नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में पहुँचेंगे। इस दौरे का सीधा फायदा किसानों को मिलेगा, जिसमें कई राज्यों के किसान शामिल होंगे। तो चलिए अब विस्तार से जानते हैं।

किसानों को मिलेगी सस्ती और स्थायी बिजली
खेती में सिंचाई समय पर होना बहुत जरूरी है और इस पर खर्च भी आता है। इस चुनौती को देखते हुए सरकार ने एक अहम फैसला लिया है, जिससे किसानों को सस्ती और स्थायी बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। आपको बता दें कि ऊर्जा सुरक्षा के उद्देश्य से प्रधानमंत्री मोदी जैसलमेर और बीकानेर में ग्रिड सबस्टेशन की आधारशिला रखने जा रहे हैं। इसके अलावा, बाड़मेर जिले के शिव में एक नया सबस्टेशन शुरू किया जाएगा, जिसका उद्घाटन भी प्रधानमंत्री द्वारा किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 490 करोड़ रुपए का खर्च आया है।
वहीं, किसानों के हित में पीएम-कुसुम योजना के तहत 16,050 करोड़ रुपए की लागत से 3,517 मेगावाट क्षमता वाली फीडर लेवल सोलराइजेशन परियोजना का भी उद्घाटन पीएम द्वारा होगा।
इसका लाभ राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक और महाराष्ट्र के किसानों को मिलेगा। इस परियोजना से किसानों को सस्ती और स्थायी बिजली की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे वे कम लागत में अधिक प्रभावी ढंग से खेती कर सकेंगे।

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद










