गन्ना और गुड़ उत्पादक किसानों के लिए समीक्षा बैठक के लिए गन्ना उद्योग विभाग द्वारा कई तरह की योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी।
गन्ना और गुड़ उत्पादक किसानों के लिए समीक्षा बैठक
गन्ना और गुड़ उत्पादक किसानों को खेती से अधिक आमदनी हो, इसके लिए सरकार किसानों को प्रोत्साहित कर रही है और उन्हें प्रशिक्षण भी देगी, ताकि सही तरीके से खेती करके अधिक उत्पादन प्राप्त किया जा सके तथा बढ़िया गुड़ भी तैयार किया जा सके। बिहार में भी गन्ना की खेती होती है और गुड़ का उत्पादन किया जाता है। बिहार सरकार चाहती है कि गन्ना क्षेत्र और आगे बढ़े।
इसके लिए बिहार के गन्ना उद्योग विभाग के अपर मुख्य सचिव सेंथिल कुमार ने विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को कई तरह के निर्देश दिए, जिससे गन्ना और गुड़ उत्पादक किसानों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को प्रशिक्षण दिया जाए, नई चीनी मिलों की स्थापना की जाए, साथ ही जो चीनी मिलें बंद पड़ी हैं, उन्हें दोबारा शुरू किया जाए।
गन्ना और गुड़ उत्पादक किसानों को मिलेगा प्रशिक्षण
बिहार के करीब 3000 से ज्यादा किसानों को गन्ना की खेती की उन्नत जानकारी दी जाएगी। किसानों को दूसरे राज्यों में जाने का मौका मिलेगा, जहां वे प्रगतिशील किसानों से मिलेंगे और गन्ना की खेती से जुड़ी नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। किसान मूल्य संवर्धन से जुड़ी विधियां भी सीख पाएंगे। इस प्रशिक्षण में किसानों के साथ अधिकारी भी शामिल होंगे। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद सामूहिक रिपोर्ट विभाग में जमा की जाएगी।
राज्य सरकार चाहती है कि प्रदेश के गन्ना और गुड़ उत्पादक किसान अग्रणी राज्यों में जाकर उन्नत और प्रभावी खेती की तकनीक सीखें और उसे अपने राज्य में लागू करें। इसी उद्देश्य से गन्ना किसानों के लिए यह योजना शुरू की गई है।
गन्ना किसानों को मिलेगी सब्सिडी और मुआवजा
गन्ना की खेती के लिए कई तरह के कृषि यंत्रों की आवश्यकता होती है, जिसके लिए विभिन्न राज्यों में सब्सिडी योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसी तरह बिहार में भी गन्ना की रोपाई, खेती और हार्वेस्टिंग के लिए योजनाएं शुरू की जाएंगी।
किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी, सब्सिडी दी जाएगी और यदि फसल का नुकसान होता है तो मुआवजा भी दिया जाएगा। इससे किसान गन्ना की खेती की ओर आकर्षित होंगे। इतना ही नहीं, राज्य स्तर पर गन्ना महोत्सव का आयोजन किया जाएगा और गन्ना यंत्रीकरण योजना का भी लाभ किसानों को मिलेगा।

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद











