अगर किसान कम जमीन में सही फलों की खेती कर लें, तो वे दो सीजन में कम खर्च पर लाखों रुपये कमा सकते हैं। आज ऐसी ही खेती के बारे में बता रहे हैं, जिसमें लागत कम है, देखभाल आसान है और मुनाफा शानदार मिलता है।
अमरूद की ऐसी वैरायटी जिसमें कीड़े नहीं लगते
अमरूद एक ऐसा फल है, जो देश के ज्यादातर हिस्सों में आसानी से उगाया जा सकता है। इसकी खास बात यह है कि इसमें ज्यादा देखभाल की जरूरत नहीं होती और उत्पादन भी अच्छा मिलता है। रामपुर जिले के किसान सिद्दीक अमरूद की खेती करके अच्छी कमाई कर रहे हैं। उन्होंने अमरूद की दो वैरायटी लगाई हैं, जिनमें कीड़े नहीं लगते और फल भी काफी मीठा होता है।
वे बताते हैं कि अमरूद की खेती से साल में दो सीजन बरसात और सर्दी में अच्छी आमदनी हो जाती है। उन्होंने अपने बगीचे में अमरूद की एल-49 और गोल्डन किस्म की खेती की है। कुल मिलाकर उनके पास करीब 700 अमरूद के पेड़ हैं, जिनसे उन्हें शानदार उत्पादन मिलता है।
अमरूद के पेड़ो की देखभाल में कितना आता है खर्च
अमरूद की व्यावसायिक खेती के लिए खाद, पानी और दवाइयों पर खर्च करना पड़ता है, ताकि फल की गुणवत्ता अच्छी बनी रहे। किसान सिद्दीक बताते हैं कि वे 700 अमरूद के पेड़ो में 6 महीने में लगभग 10,000 रुपये का खर्च करते हैं। अगर किसान के पास सिंचाई की सुविधा हो, तो खर्च और भी कम हो जाता है। दो साल में पौधे तैयार होते है, और फल सात साल तक मिलता है। साथ ही अगर आधुनिक तकनीक जैसे ड्रिप सिंचाई का इस्तेमाल किया जाए, तो पानी की बचत होती है। सरकार ड्रिप सिंचाई पर सब्सिडी भी देती है, जिससे लागत और घट जाती है। इससे मजदूरों की जरूरत भी कम पड़ती है।
कहां करते हैं अमरूद की बिक्री
किसी भी फल या सब्जी की खेती में बाजार की भूमिका सबसे अहम होती है। किसान सिद्दीक बताते हैं कि वे बरेली, मुरादाबाद, दिल्ली और हल्द्वानी जैसे शहरों के बाजारों में अमरूद की बिक्री करते हैं। एक पेड़ से उन्हें 4 से 5 क्विंटल तक अमरूद का उत्पादन मिल जाता है। फिलहाल बाजार में उनका अमरूद 80 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है। फल का स्वाद अच्छा होने और गुणवत्ता बेहतर होने के कारण ग्राहक इसे तुरंत खरीद लेते हैं, जिससे किसान को शानदार मुनाफा मिल रहा है।
यह भी पढ़े- एक एकड़ से किसान ने कमाए 1 लाख 75 हजार रुपये, इस सुगंधित फसल से बनता है परफ्यूम, मंडी में मिलती है 30 हजार रुपये प्रति क्विंटल कीमत

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद













