किसानों के लिए एक अलग बिजली कंपनी बनाई जाएगी, जिससे किसानों को बिजली बिल में बड़ी राहत मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा है कि किसानों को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त सौर ऊर्जा उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों के लिए बिजली कंपनी कहां बन रही है?
खेती में सिंचाई एक बड़ा खर्च होता है। किसानों को एक ही फसल में कई बार सिंचाई करनी पड़ती है, जो बेहद जरूरी है। राज्य सरकार चाहती है कि किसान समय पर और कम खर्च में सिंचाई कर सकें, ताकि वे साल में कई बार खेती कर सकें। बरसात के मौसम में बारिश के पानी से सिंचाई आसान हो जाती है, लेकिन अन्य मौसम में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली का बिल चुकाना पड़ता है। राज्य सरकार के इस फैसले के बाद बिजली बिल का खर्च काफी हद तक कम हो जाएगा।
यह बात महाराष्ट्र के किसानों की हो रही है। महाराष्ट्र देश का ऐसा पहला राज्य बनने जा रहा है, जहां किसानों के लिए अलग से पावर कंपनी यानी बिजली कंपनी बनाई जाएगी।
किसानों को प्रदूषण मुक्त बिजली कैसे मिलेगी?
महाराष्ट्र में सोलर एनर्जी की बड़ी परियोजना स्थापित की जा रही है, जिससे किसानों को सौर ऊर्जा मिलेगी। बताया जा रहा है कि राज्य में 16,000 मेगावाट सोलर एनर्जी का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड और एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक के बीच 1 अरब डॉलर के लोन का समझौता किया गया है। इसी योजना के तहत किसानों के लिए बिजली कंपनी बनाई जाएगी।
किसानों को कब तक मिलेगा बिजली कंपनी का फायदा?
महाराष्ट्र में बिजली कंपनी के शुरू होने के बाद किसानों को बड़ा फायदा होगा। अभी थर्मल बिजली की लागत लगभग ₹8 प्रति यूनिट है, जबकि सोलर बिजली आने के बाद किसानों को ₹3 प्रति यूनिट की दर से बिजली मिलेगी। इससे बिजली की खपत पर प्रति यूनिट लगभग ₹6.5 की सब्सिडी का बोझ भी कम होगा। बताया जा रहा है कि दिसंबर 2026 तक महाराष्ट्र में 16,000 मेगावाट सोलर एनर्जी तैयार कर ली जाएगी, जिससे किसानों को प्रदूषण मुक्त बिजली मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा है कि 25 साल बाद सोलर पंप वाले किसानों को बिजली बिल का ₹1 भी नहीं देना पड़ेगा। महाराष्ट्र की बड़ी उपलब्धि की बात करें तो देश में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत 9 लाख सोलर पंप लगाए गए हैं, जिनमें से करीब 7 लाख सोलर पंप अकेले महाराष्ट्र में लगाए गए हैं। इससे राज्य के किसान बड़े पैमाने पर लाभान्वित हुए हैं।

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद










