MP में हुआ जैविक हाट बाजार का शुभारंभ, चावल-रागी से लेकर लौकी-पपीता तक से सजा बाजार, कलेक्टर ने की ऑनलाइन पेमेंट

On: Thursday, December 11, 2025 2:54 PM
MP के कटनी में जैविक हाट बाजार का शुभारंभ कलेक्टर द्वारा किया गया

MP के कटनी में जैविक हाट बाजार का शुभारंभ कलेक्टर द्वारा किया गया। कलेक्टर ने हरी सब्जियों की खरीद कर ऑनलाइन पेमेंट भी किया-

जैविक हाट बाजार से किसानों को फायदे

जैविक हाट बाजार का मतलब है ऐसा बाजार, जहाँ पर सिर्फ जैविक खेती से तैयार किए गए उत्पादों की बिक्री होती है। यहाँ वे किसान आते हैं जो जैविक तरीके से अनाज, सब्जी, फल आदि की खेती करते हैं और अपने उत्पाद लेकर आते हैं। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में जिला चिकित्सालय के सामने नगर निगम सब्जी मार्केट में अब हर सप्ताह एक दिन जैविक हाट बाजार लगेगा। यहाँ पर जैविक तरीके से तैयार की गई चीजें देखने को मिलेंगी, जो सेहत के लिए बहुत ही फायदेमंद होती हैं।

बीते मंगलवार को कलेक्टर आशीष तिवारी द्वारा जैविक और प्राकृतिक हाट बाजार का शुभारंभ किया गया। यहाँ बिल्कुल रसायन-मुक्त जैविक उत्पाद देखने को मिले, जो सेहत के लिए लाभकारी हैं, बीमारियों से बचाते हैं और पर्यावरण में प्रदूषण भी नहीं फैलाते। इस तरह जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए यह हाट बाजार बहुत फायदेमंद होगा, क्योंकि उन्हें उनके उत्पादों की उचित कीमत मिलेगी।

इस जैविक हाट बाजार में क्या-क्या उत्पाद रहे?

जैविक हाट बाजार में अनाज, सब्जी, फल और कई तरह के उत्पाद देखने को मिले। इसमें चावल, रागी, मक्का, कुटकी, कोदो, गेहूँ, कुट्टू, धनिया, मटर, मेथी, लौकी, बैंगन, प्याज, पपीता, हरी सब्जियाँ, जड़ी-बूटियाँ आदि शामिल रहीं। कलेक्टर ने भी यहाँ से कुछ जैविक उत्पाद खरीदे। उन्होंने किसानों से रागी सहित कई वस्तुएँ खरीदीं और उन्हें ऑनलाइन पेमेंट किया। इस बाजार के माध्यम से किसान अपने उत्पादों को सही दाम पर बेच सकते हैं।

किसानों के लिए सौगात बना जैविक हाट बाजार

जैविक खेती में खर्च कम आता है और किसान बिना प्रदूषण फैलाए खेती कर सकते हैं। इससे मिट्टी उपजाऊ होती है और जैविक उत्पाद सेहत के लिए फायदेमंद होते हैं, जिसके कारण आने वाले समय में उनकी अच्छी कीमत मिलती है। शुरुआत में किसानों को उत्पादन थोड़ा कम मिल सकता है, लेकिन जैसे-जैसे जमीन सुधरती है, उत्पादन बढ़ता जाता है। रासायनिक खाद के अधिक प्रयोग से मिट्टी खराब होती है, इसलिए जैविक खेती करने वाले किसानों के लिए यह जैविक हाट बाजार किसी सौगात से कम नहीं है।

कटनी जिले के किसानों के लिए यह अनुपम अवसर माना जा रहा है, जहाँ वे देसी, ताज़ी और जैविक सब्जियाँ बेच रहे हैं। जैविक खेती के लिए सरकार भी किसानों को आर्थिक मदद प्रदान करती है।

यह भी पढ़े- किसानों के लिए खुलेगी पाठशाला, 12 दिसंबर से सभी ग्राम पंचायत में मिलेगी रबी सीजन में खेती की सलाह, जाने कब कहां कैसे