अगर पौधे लगाने का शौक है, तो चलिए बताते हैं कि दिवाली की शॉपिंग में कौन-से पौधे आपके घर की सुंदरता बढ़ाने के लिए जरूर लेने चाहिए।
इस दिवाली घर में लगाइए ये पौधे
नीचे दिए गए पाँच बिंदुओं के अनुसार आपको पाँच पौधों के बारे में बताएंगे। इनमें से कुछ फूल देने वाले हैं। पहले चार पौधे ऐसे हैं जिन्हें आप घर के भीतर लगा सकते हैं। आखिरी पौधा फूल देने वाला है, जिसे घर के बाहर लगा सकते हैं। यह हर घर में जरूर होना चाहिए।

- पॉइन्सेटिया (Poinsettia)- यह एक सजावटी पौधा होता है, जिसकी पत्तियाँ चमकदार और रंगीन होती हैं। इसे घर में लाकर दोबारा मिट्टी तैयार करके नहीं लगाना चाहिए, वरना इसकी सारी पत्तियाँ गिर सकती हैं। इसकी पत्तियाँ लाल, गुलाबी और सफेद रंगों में मिलती हैं। क्रिसमस और दिवाली जैसे त्योहारों में लोग इसे अक्सर अपने घर सजाने के लिए लगाते हैं।
- एग्लोनिमा (Aglaonema)- अगर आपको कम देखभाल वाला पौधा चाहिए, तो यह एक बेहतरीन विकल्प है। यह एक इनडोर प्लांट है। इसकी पत्तियाँ भी खूबसूरत और चमकदार होती हैं। इनका रंग हल्का हरा, लाल और चांदी जैसा होता है। यह हवा को शुद्ध करने वाला पौधा माना जाता है। इसे आप घर के भीतर रख सकते हैं। बस थोड़ी सी रोशनी मिलती रहनी चाहिए। इसे लगाने के लिए आपको मिट्टी, कोकोपीट और खाद को बराबर मात्रा में मिलाना होगा। इसके बाद इसे किसी गमले में लगा सकते हैं।

- पीस लिली (Peace Lily) – इस पौधे की पत्तियाँ गहरी और चमकदार होती हैं। इसका फूल सफेद रंग का और अत्यंत सुंदर होता है। यह भी हवा को शुद्ध करता है। इसे घर में शांति और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। इसे एक बार नर्सरी से लाना होगा, लेकिन बाद में आप इसे खुद भी तैयार कर सकते हैं। यह बहुत ही खूबसूरत पौधा होता है।

- एरिका पाम (Areca Palm)- यह भी एक सुंदर और सजावटी पौधा है। इसे घर के भीतर और बाहर दोनों जगह लगा सकते हैं। अगर इसे घर के अंदर रख रहे हैं, तो खिड़की के पास रखें ताकि इसे रोशनी मिल सके। इसके हरे-भरे पत्ते बहुत आकर्षक लगते हैं। यह भी हवा को शुद्ध करता है, प्रदूषण को कम करता है और साथ ही घर में सकारात्मक ऊर्जा लाता है। त्योहारों के दौरान यह घर की सुंदरता को और बढ़ा देता है।

- गुड़हल (Hibiscus)- इस समय जिनके घर में गुड़हल लगा है, वहाँ बहुत सुंदर फूल दिखाई देंगे। इसके कुछ फूल बड़े आकार के होते हैं और कुछ छोटे, लेकिन गुच्छों में खिलते हैं। बरसात के समय आपको गुड़हल जरूर लगाना चाहिए। इसे कटिंग के माध्यम से भी आसानी से लगाया जा सकता है, चाहे गमले में हो या ज़मीन पर। यह पौधा साल भर फूल देता है, इसलिए हर त्योहार पर यह फूल आपके घर में मौजूद रहेगा।

नमस्ते, मैं निकिता सिंह । मैं 3 साल से पत्रकारिता कर रही हूं । मुझे खेती-किसानी के विषय में विशेषज्ञता प्राप्त है। मैं आपको खेती-किसानी से जुड़ी तरो ताजा खबरें बताउंगी। मेरा उद्देश्य यही है कि मैं आपको ‘काम की खबर’ दे सकूं । जिससे आप समय के साथ अपडेट रहे, और अपने जीवन में बेहतर कर सके। ताजा खबरों के लिए आप https://khetitalks.com के साथ जुड़े रहिए । धन्यवाद