धान काटने के लिए मज़दूरों के आगे हाथ जोड़ने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी, धान काटने की यह मशीन फटाफट कर देगी कटाई का काम

On: Thursday, September 18, 2025 5:00 PM
धान काटने की मशीनें

धान काटने के लिए अब किसानों को मज़दूरों की तलाश में भटकने या उनकी विनती करने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी। यह मशीनें किसानों का काम बेहद आसान बना रही हैं।

धान काटने की मशीनें

धान काटने के लिए अब कई तरह की मशीनें आ गई हैं, जिन पर सरकार सब्सिडी भी देती है। इससे इनकी कीमत काफ़ी कम हो जाती है। वहीं, जीएसटी की कटौती के बाद कृषि उपकरण पहले से सस्ते हो गए हैं। इस तरह, किसानों के लिए धान काटने की मशीनें बेहद फायदेमंद साबित हो रही हैं। तो आइए, कुछ प्रमुख मशीनों के बारे में बताते हैं-

1. रीपर (Reaper)

रीपर से धान, गेहूं और अन्य फसलें भी काटी जा सकती हैं। छोटे खेतों के लिए वॉक बिहाइंड रीपर (Walk-Behind Reaper) और बड़े खेतों के लिए ट्रैक्टर-चलित रीपर (Tractor-Operated Reaper) का उपयोग होता है।

2. मैन्युअल वर्टिकल कन्वेयर रीपर

यह एक मजबूत फसल काटने वाली मशीन है। इससे 0.20 से 0.40 हेक्टेयर तक की फसल को 1 घंटे के भीतर काटा जा सकता है। इसकी कीमत लगभग ₹8,000 तक होती है। यह छोटे किसानों के लिए लाभदायक है। इससे फसल एक तरफ गिरती जाती है, जिससे किसान आसानी से खेत में चलते हुए फसल काट सकते हैं।

3. ट्रैक्टर-चलित वर्टिकल कन्वेयर रीपर

यह मशीन भी फसल की कटाई के लिए उपयोगी है। इससे 0.3 से 0.4 हेक्टेयर भूमि की फसल 1 घंटे में काटी जा सकती है। इसे चलाने के लिए लगभग 25 एचपी ताकत वाला ट्रैक्टर चाहिए होता है। जिन किसानों के पास ट्रैक्टर है या किराए पर लेते हैं, वे इसका उपयोग कर सकते हैं। यह मशीन फसल को काटकर दूसरी तरफ गिरा देती है, जिससे उसे इकट्ठा करना आसान होता है।

4. कंबाइन हार्वेस्टर (Combine Harvester)

अगर किसान फसल को काटने, साफ़ करने और दाने अलग करने का काम एक साथ करना चाहते हैं, तो कंबाइन हार्वेस्टर सबसे बेहतर विकल्प है। इससे समय की बचत होती है और काम ज़्यादा होता है। इस मशीन में 2 से 6 मीटर तक की लंबी कटर बार लगी होती है, जिससे फसल अच्छे से कटती है। यह मशीन 0.6 हेक्टेयर भूमि की फसल को 1 घंटे में काट सकती है। इससे किसानों के कई काम एक साथ पूरे हो जाते हैं।

5. स्वचालित रीपर-बाइंडर

अगर किसान फसल को काटने और साथ ही उसे बांधने का काम करना चाहते हैं, तो वे स्वचालित रीपर-बाइंडर का उपयोग कर सकते हैं। यह मशीन फसल को काटकर सुतली से बांध देती है और बंडल के रूप में ज़मीन पर रख देती है। इससे किसान 0.4 हेक्टेयर भूमि की फसल 1 घंटे के भीतर काट सकते हैं। यह मशीन बेहद उपयोगी और किफायती है।

6. स्वचालित रीपर (Automatic Reaper)

अगर किसान कई तरह की फसलें जैसे धान, गेहूं, तिलहन, सोयाबीन आदि की खेती करते हैं, तो वे स्वचालित रीपर का उपयोग कर सकते हैं। यह एक आधुनिक मशीन है जिसकी क्षमता 0.25 से 0.30 हेक्टेयर भूमि की फसल को 1 घंटे में काटने की होती है। इसमें बड़े ब्लेड लगे होते हैं, जिससे फसल आसानी से कटती है। यह मशीन किसानों की मेहनत को कम कर देती है और किसान इस पर बैठकर इसे चला सकते हैं।

यह भी पढ़े- खेतों में डिग्गी बनाने के लिए 4 लाख रु तक सब्सिडी दे रही सरकार, सिंचाई के लिए मिलेगा पानी, साल में ले सकेंगे कई फसलें