गेंदा के पौधे में अगर फूल आने कम हो गए हैं तो चलिए आपको एक बेहतरीन खाद की जानकारी देते हैं, जिसे घर पर तैयार करके जड़ में डालेंगे, तो ज्यादा फूल आने लगेंगे, पौधा हरा-भरा और घना दिखाई देगा-
गेंदा में फूल न आने की समस्या
गेंदे का फूल बहुत सुंदर लगता है। कई रंग और वैरायटी में इसके फूल देखने को मिलते हैं। गेंदे का फूल लगाना आसान है। इसे बीज और कटिंग के द्वारा भी लगाया जा सकता है। जी हां कटिंग से भी गेंदा का फूल लगाते हैं, इसके बारे में हमने आपको जानकारी भी दी थी। लेकिन एक समय के बाद गेंदे में फूल आने कम होते जाते हैं। जिसका एक कारण पोषक तत्व की कमी भी हो सकता है, तो चलिए आपको बताते हैं गेंदे को भरपूर पोषण देने के लिए घर पर कौन-सा जैविक खाद आप आसानी से तैयार कर सकते हैं।
गेंदे के लिए खाद
नीचे लिखे बिंदुओं के अनुसार गेंदे के लिए खाद बनाना और इस्तेमाल करने का तरीका जानिए-
- गेंदा के लिए हम जिस खाद को बनाने जा रहे हैं उसे बनाने के लिए यहां पर तीन चीजों की जरूरत पड़ेगी।
- सबसे पहले 50-60 ग्राम सरसों की खली, उसके बाद पानी और फिर पालक की कुछ हरी पत्तियां।
- जिसमें सरसों की खली को 1 लीटर पानी में मिलाकर 24-28 घंटे के लिए छाँव वाली जगह पर रखें।
- इसके बाद जब सरसों की खली पानी में बिल्कुल घुल चुकी है तो फिर पालक लेना है और उसे मिक्सर में पीसकर 100 मिलीलीटर रस निकालना है। फिर इस रस को सरसों की खली के मिश्रण में मिलाना है।
- इसके बाद गमले में अगर पौधा लगाया तो मिट्टी के आसपास हल्की गुड़ाई करें, खरपतवार निकाल दें, और फिर इस मिश्रण को डालें।
- ध्यान रखें तने से थोड़ी दूरी पर डाले, इसमें अगर आप थोड़ा सा पानी भी मिला लेंगे तो बेहतर होगा। क्योंकि सरसों की खली गर्म होती है, जिससे पौधे को नुकसान ना हो।
- सरसों की खली की खाद सब्जियों और फलों के अलावा अन्य पौधों को भी दे सकते हैं।
- सरसों की खली में नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटेशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं जो कि पौधे से ज्यादा फूल देने के लिए बेहतर है।